Homeहमारा उत्तराखण्डदेहरादूनबेटे ने ऑनलाइन गेम में खत्म कर दी पूंजी: मां ने अफसरों...

बेटे ने ऑनलाइन गेम में खत्म कर दी पूंजी: मां ने अफसरों को सुनाई करतूत, आर्थिक सहायता के लिए पहुंची DM के पास

देहरादून 28 जुलाई, 2026
आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से  आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं।

ऑनलाइन गेम में युवक ने अपने घर की जमा पूंजी खत्म कर दी। घर चलाने में परेशानी हुई तो मां प्रशासन के दरबार में पहुंच गई। उन्होंने समाधान दिवस में आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर जिलाधिकारी ने सभी पहलुओं पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समाधान दिवस में सोमवार को 164 लोग विभिन्न शिकायतों को लेकर पहुंचे थे जिनमें बच्चों की प्रताड़ना से परेशान कुछ बुजुर्ग भी शामिल रहे। कुछ लोगों ने सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायत की तो कुछ लोगों ने फीस माफी की गुहार भी लगाई।

ऋषिकेश की रहने वाली महिला ने जनता दरबार में बताया कि उसका बेटा लंबे समय से ऑनलाइन गेम खेल रहा है। इसके लिए उसने कभी घर वालों से पैसे लिए तो कई बार दोस्तों से पैसे लेकर इसमें खर्च कर दिए। दोस्तों का उधार चुकाने के लिए भी परिवार वालों ने अपनी जमा पूंजी से ही उन्हें पैसे दिए। महिला ने कहा कि इस वक्त घर चलाने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं लिहाजा उसे किसी मद से आर्थिक सहायता दी जाए। इनके अलावा पलटन बाजार की रहने वाली महिला ने बेटी की स्कूल की फीस माफी और एक विधवा महिला ने बेटियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की मांग की। बुजुर्ग ने अपने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया।
इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को भरणपोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने का आदेश दिया। मन्नूगंज की विधवा की शिकायत पर सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह सहारनपुर की विनीता भटेजा ने राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। इस पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को पूरी जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular