राजधानी देहरादून में एक और बड़ा चिटफंड घोटाला सामने आया है। बोटब्रो-क्रास मार्केट में निवेश करने वालों के करोड़ों रुपये डूब गए। संचालकों ने लोगों की रकम हड़पकर कंपनी बंद कर दी। दुर्गा बहादुर गुरुंग की तहरीर पर रायपुर थाने में छह नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
पीड़ित का आरोप है कि बोटब्रो/क्रास मार्केट/माइन क्रिटो नामक कंपनी के जरिये निवेशकों को भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों हड़प लिए। अब तक सामने आए पीडि़तों ने करीब 25 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगाया है साथ ही अनुमान जताया है कि इस धोखाधड़ी के शिकार सैकड़ों लोग सामने नहीं आए हैं।
तहरीर के अनुसार करीब दो वर्ष पहले नवीन सिंह नेगी ने खुद को कंपनी से जुड़ा बताते हुए निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोप है कि कंपनी को वैध बताते हुए प्रतिमाह पांच से 10 प्रतिशत तक लाभ देने का भरोसा दिया गया।


