हरिद्वार अंत्येष्टि से घनसाली लौट रहा वाहन चंबा-कोटीकॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल के पास अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया जिससे वाहन में सवार 10 में से आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
भिलंगना ब्लॉक में नैलचामी क्षेत्र के चकरेड़ा गांव से 10 लोग हरिद्वार अंत्येष्टि में गए थे। लौटते समय दोपहर करीब 2.15 बजे वाहन चंबा-कोटीकॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। घटना का पता चलते ही चंबा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने खाई में उतर कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दो घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया जबकि वाहन सवार आठ अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वाहन दुर्घटना की सूचना मिलने पर डीएम नितिका खंडेलवाल, विधायक किशोर उपाध्याय, एसएसपी श्वेता चौबे और सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचवाया।
एसएसपी ने बताया कि दुर्घटना में घायल उत्तम कुमार (36) पुत्र पुस्सू मास्टर निवासी ग्राम लोस्तू बडियारगढ़ कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल और अंकित लाल (22) पुत्र आशा लाल निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना टिहरी को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए हैं। सीएमएस डाॅ. अमित राय ने कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद अंकित को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है जबकि उत्तम की स्थिति खतरे से बाहर है। दुर्घटना वाले स्थान पर काफी ढलान और तीखा मोड है लेकिन दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी।
पीएम ने किया मुआवजे का एलान
पीएम मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल ज़िले में एक दुर्घटना में लोगों की जान जाने की घटना दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
The loss of lives due to an accident in Tehri Garhwal district of Uttarakhand is saddening. I extend my condolences to those who have lost their loved ones in this mishap. May the injured recover at the earliest.
An ex gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next…
— PMO India (@PMOIndia) April 23, 2026
इनकी गई जान
1- आशा लाल (40) पुत्र अषाडू निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना टिहरी।
2- विजय लाल (36) पुत्र भुरखिलिया निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना।
3- प्रेमलाल (60) पुत्र संतूलाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घनसाली
4- महावीर (60) पुत्र विशु लाल निवासी चकरेड़ा घनसाली।
5- शिव सिंह (35) पुत्र पुष्कर सिंह वाहन चालक ग्राम होल्टा घनसाली।
6- सोहन लाल (65)गोपाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घनसाली।
7- लक्ष्मण (65) पुत्र मुरखिलिया निवासी चांजी घनसाली।
8- राहुल (25) पुत्र हरीश लाल निवासी ग्राम लडियासू रूद्रप्रयाग


