उत्तरकाशी गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल आज शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में उलझे रहने के बाद अब वह अपने परिवार के पास लौट सकेंगे। उनकी वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने लगातार प्रयास किए। उनकी अपील पर लोगों ने करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई, जिससे सऊदी अरब की अदालत की ओर से तय मुआवजे की रकम जमा कराई जा सकी।
बीमा नहीं होने से बढ़ी मुश्किल
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 2.51 करोड़ होती है। इतनी बड़ी राशि का इंतजाम करना इंद्रमणि के परिवार के लिए संभव नहीं था।
सोशल मीडिया पर अपील से शुरू हुआ अभियान
पिता की वापसी के लिए दीपिका ने हार नहीं मानी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए लोगों से आर्थिक मदद मांगी। उनकी अपील का असर हुआ और उत्तरकाशी से शुरू हुई मुहिम देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों तक पहुंच गई।



