Homeचारधाम यात्राबद्रीनाथ धामबदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, पुष्प श्रृंगार के हुए...

बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, पुष्प श्रृंगार के हुए दर्शन

बदरीनाथ धाम के कपाट आज(सोमवार) रात 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा संपन्न हो गई है। कपाट बंद होने के अंतिम दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इस अवसर पर पूरा धाम सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बदरीविशाल के उद्घोष से गूंज उठा। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था।

सोमवार सुबह से ही कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया और तैयारियां शुरू हो गई थीं। ब्रह्ममुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद भगवान बदरीनाथ का अभिषेक, विशेष पूजा और श्रृंगार किया गया। दिनभर मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुला रहा। बीते रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के चलते धाम में कड़ाके की ठंड रही, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा।

रावल ने शिला मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया

शाम आठ बजे से कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हुई। बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) अमरनाथ नंबूदरी ने परंपरा के अनुसार स्त्री वेश धारण कर लक्ष्मी मंदिर से माता लक्ष्मी की मूर्ति को लाकर भगवान बदरीनाथ के गर्भगृह में विराजमान किया। इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में लाया गया। रावल ने भगवान बदरीनाथ की निर्वाण शिला मूर्ति को परंपरानुसार घृत कंबल ओढ़ाया। धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इसके बाद रात्रि ठीक 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

पुष्प श्रृंगार के हुए दर्शन

आज बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के दिन श्रद्धालुओं को भगवान बदरीविशाल के पुष्प श्रृंगार के दर्शन हुए। इस दिन भगवान नारायण का स्वर्ण श्रृंगार की जगह फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया।

बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही मंगलवार से शीतकालीन पूजा स्थलों में धार्मिक गतिविधियां शुरू होंगी। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मंगलवार को सेना के बैंड की धुनों के बीच भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां समारोहपूर्वक योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी। वहीं गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ के लिए प्रस्थान करेगी।

इस मौके पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, दंडी स्वामी मुकुंदानंद महाराज, मुख्यमंत्री के सलाहकार एवं चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश लखेड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, मंदिर समिति सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, देवीप्रसाद देवली, प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र डिमरी, राकेश भंडारी, नीलम पुरी, रजनीश भट्ट और बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ सहित अन्य मौजूद रहे।

अब शीतकालीन यात्रा की तैयारी

बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा विधिवत संपन्न हो गई है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष बदरीनाथ धाम में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष मुखवा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम शीतकालीन यात्रा की शुरुआत की थी। इस वर्ष मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने भी यात्रा से जुड़े सभी विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहित समाज का सफल यात्रा संचालन में सहयोग के लिए आभार जताया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular