टिहरी जिले की गूलर घाटी में मंगलवार सुबह हुए बस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में घायल यात्रियों ने चालक की लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चालक हरिद्वार से ही तेज रफ्तार और गलत तरीके से बस चला रहा था।
26 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि चार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर 26 घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसएसपी श्वेता चौबे ने ऋषिकेश एम्स पहुंचकर घायलों का हाल जाना। एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा के अनुसार, हादसे की शुरुआती वजह सड़क पर तीव्र ढलान वाला मोड़ प्रतीत हो रही है। क्रैश बैरियर भी बस को रोकने में प्रभावी नहीं रहा। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस का टैक्स 31 अक्तूबर को समाप्त हो चुका था।



