विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पौड़ी जिले की मतदाता सूची में बड़ी विसंगतियां मिली हैं। जिले के 5,54,827 मतदाताओं में से 1,58,733 के रिकॉर्ड में नो मैपिंग (पुराने रिकॉर्ड से मिलान नहीं) या अन्य विसंगतियां पाई गई हैं। ऐसे मतदाताओं को 14 जुलाई से नोटिस जारी कर दस्तावेज का सत्यापन कराया जाएगा। जांच के बाद ही उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल होगा।
51,972 मतदाता एएसडीडी सूची में शामिल
जनपद में कुल 51,972 मतदाता एएसडीडी (अबसेंट, शिफ्टेड, डेड व डुप्लिकेट) सूची में चिह्नित हुए हैं। इनमें 31,458 स्थानांतरित, 9,159 अनुपस्थित, 8,096 मृत और 3,072 डुप्लिकेट मतदाता हैं। जिसमें सर्वाधिक 10,179 मतदाता कोटद्वार और सबसे कम 6,973 मतदाता पौड़ी विधानसभा में हैं।
पौड़ी जिले की छह विधानसभाओं के लिए 63 नए मतदान केंद्रों को मंजूरी मिली है। इससे मतदान केंद्रों की संख्या 945 से बढ़कर 1008 हो जाएगी। श्रीनगर में सर्वाधिक 19 नए केंद्र बनेंगे। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि ये विसंगतियां छोटी वर्तनी के कारण हुई हैं, जिन्हें अधिकारी सुधार लेंगे। 14 जुलाई से एसआईआर का दूसरा चरण शुरू होगा।

