वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय भरसार के कुलपति प्रो. (डॉ.) भगवती प्रसाद भट्ट ने पर्वतीय कृषि महाविद्यालय, चिरबटिया का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, पेयजल विभाग के अवर अभियंता (जूनियर इंजीनियर) को लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा महाविद्यालय की आवश्यकताओं के अनुरूप नए विकास कार्यों हेतु यथाशीघ्र प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश प्रदान किए।
कुलपति ने महाविद्यालय में व्यावहारिक एवं उद्यमिता आधारित शिक्षण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लाइवस्टॉक शेड, बकरी पालन इकाई, मशरूम उत्पादन इकाई, स्पॉन उत्पादन इकाई तथा पोल्ट्री फार्मिंग इकाई स्थापित एवं संचालित किए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभवात्मक शिक्षण, कौशल विकास एवं कृषि-आधारित उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे महाविद्यालय में शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एस. पी. सती, सहायक कुलसचिव धीरज उपाध्याय तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. पदम सिहं उपस्थित रहे।

