नीट यूजी की 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। रोडवेज प्रबंधन ने सभी मंडलीय एवं डिपो अधिकारियों को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।
महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी और पुनर्परीक्षा के लिए वैध प्रवेश पत्र रखने वाले अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए निगम की साधारण श्रेणी की बसों में एक बार निशुल्क यात्रा की अनुमति होगी।
यात्रा के दौरान अभ्यर्थी प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी या मोबाइल में उपलब्ध सॉफ्ट कॉपी दिखा सकेंगे। यह सुविधा 19 जून की रात 12 बजे से 23 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। बस परिचालकों को ई-टिकट मशीन में विशेष श्रेणी के तहत अभ्यर्थियों का रोल नंबर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि तकनीकी कारणों से यह विकल्प उपलब्ध न हो तो वे-बिल पर रोल नंबर, नाम और मोबाइल नंबर अंकित किया जाएगा।


