Homeहमारा उत्तराखण्डMussoorie: आईटीबीपी को मिले 133 नए युवा अधिकारी, पासिंग आउट परेड के...

Mussoorie: आईटीबीपी को मिले 133 नए युवा अधिकारी, पासिंग आउट परेड के बाद मुख्यधारा में हुए शामिल

भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल को आज 133 नए युवा अधिकारी मिल गए हैं। रविवार को मसूरी में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया।

कठोर व चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद 132 सहायक सेनानी (असिस्टेंट कमांडेंट) तथा एक महिला उप-सेनानी (विशेषज्ञ चिकित्सक) आधिकारिक रूप से आईटीबीपी की मुख्यधारा में शामिल हुए। मुख्य अतिथि मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने परेड की सलामी ली। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को सम्मान दिया।

समारोह में आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, बल के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षु अधिकारियों के अभिभावक, अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

परेड का शुभारंभ महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के स्वागत और अभिनंदन के साथ किया। इसके बाद प्रशिक्षु अधिकारियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

प्रशिक्षण पूर्ण कर बल की मुख्यधारा में शामिल हुए अधिकारियों ने 18 से 50 सप्ताह तक चलने वाले कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस प्रशिक्षण के दौरान उन्हें युद्ध कौशल, शस्त्र संचालन, सामरिक रणनीति, शारीरिक दक्षता, आसूचना संग्रहण, मानचित्र अध्ययन, सैन्य प्रशासन, कानून, न्याय एवं मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन तथा नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षु अधिकारी देश के विभिन्न राज्यों से चयनित होकर आए थे, जिससे आईटीबीपी की राष्ट्रीय एकता और विविधता की झलक भी देखने को मिली।

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत ने नवदीक्षित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आईटीबीपी देश के सबसे विशिष्ट और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले सुरक्षा बलों में से एक है।  आईटीबीपी के जवान और अधिकारी देश की सीमाओं पर लगभग 19 हजार फीट की ऊंचाई और माइनस 45 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में तैनात रहकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ यह बल आंतरिक सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा, महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा, आपदा राहत एवं बचाव कार्यों तथा केंद्र सरकार द्वारा सौंपे गए अन्य दायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहा है।

30वें सहायक सेनानी/जीडी आधार कोर्स के पुरस्कार विजेता

– पवन कुमार मीना – होम मिनिस्टर स्वॉर्ड ऑफ ऑनर फॉर बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी
– सचिन – डायरेक्टर जनरल कप फॉर बेस्ट आउटडोर ट्रेनी
– कोन्तेय मिश्रा – इंस्पेक्टर जनरल कप फॉर बेस्ट इंडोर ट्रेनी
– अभिषेक मौर्य – डायरेक्टर अकादमी कप फॉर बेस्ट स्पोर्ट्स पर्सन/ट्रेनी
– नारकर अभिषेक संजय – कमांडेंट कॉम्बैट विंग कप फॉर बेस्ट मार्क्समैन ट्रेनी
– अमन सिंह – कोर्स डायरेक्टर कप फॉर बेस्ट एंड्योरेंस ट्रेनी
– निशांत – डिप्टी कमांडेंट कप फॉर बेस्ट कंडक्ट ट्रेनी

13वें सहायक सेनानी/जीडी (एलडीसीई) कोर्स के पुरस्कार विजेता

– राहुल कुमार – बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी
– सैमस्टन यांगजोर – बेस्ट आउटडोर ट्रेनी
– प्रभात बहुगुणा – बेस्ट इंडोर ट्रेनी

56वें जीओजेड कॉम्बैटाइजेशन कोर्स के पुरस्कार विजेता

– ध्रुवराज सिंह – बेस्ट ऑल राउंड ट्रेनी
– पारस सिंह शाही – बेस्ट आउटडोर ट्रेनी
– विष्णु प्रिया – बेस्ट इंडोर ट्रेनी

‘ई-अमोघ’ पत्रिका का विमोचन

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा ‘ई-अमोघ’ पत्रिका का भी विमोचन किया गया। इस विशेष ई-पत्रिका में प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों की उपलब्धियों, गतिविधियों, अनुभवों व विभिन्न आयोजनों की झलकियों को संकलित किया गया है। पत्रिका ने प्रशिक्षण के आरंभ से लेकर दीक्षांत समारोह तक की पूरी यात्रा को यादगार रूप में प्रस्तुत किया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular