बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति में एक बार फिर हलचल मची हुई है। बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के आरोपी प्रमोद नौटियाल की मां हेमलता नौटियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से 11 बिंदुओं पर सूचना मांगी है। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत यह आरटीआई दाखिल की है। इससे बीकेटीसी में हलचल बढ़ गई है।
आरटीआई में वैयक्तिक सहायक (पीए) की गणना और प्रोटोकॉल ड्यूटी पर सवाल उठाए गए हैं। पूछा गया है कि पीए की ड्यूटी किस अधिकारी के आदेश पर लगाई गई। यह कार्य उसके निर्धारित पदीय दायित्वों में शामिल नहीं है। संबंधित आदेश और ड्यूटी से जुड़े अभिलेखों की जानकारी भी मांगी गई है।
बीकेटीसी में संविदा पर कार्यरत विधि अधिकारी की नियुक्ति पर भी सवाल किए गए हैं। पूछा गया है कि उनकी नियुक्ति किस नियम के तहत हुई और शासन से अनुमति ली गई या नहीं। विधि अधिकारी की भूमिका से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
आरटीआई में गणना, प्रोटोकॉल और अन्य जिम्मेदारियों को लेकर अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने वाले अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की गई है। सूत्रों के अनुसार, लेखा और प्रोटोकॉल कार्य वैयक्तिक सहायक के निर्धारित दायित्व में वैधानिक रूप से शामिल नहीं हैं। बीकेटीसी के सूचना अधिकारी राजन नैथानी ने आरटीआई मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मांगी गई सूचनाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।