Homeहमारा उत्तराखण्डउत्तराखंड: मार्च के पहले हफ्ते में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव

उत्तराखंड: मार्च के पहले हफ्ते में हो सकते हैं विधानसभा चुनाव

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आचार संहिता इस बार 27 से 30 जनवरी के बीच लग सकती है। इस बार विस चुनाव फरवरी के बजाए मार्च के पहले सप्ताह में होंगे। अंदरखाने इसका खाका तैयार है। पांच से दस मार्च के बीच पहले चरण में मतदान कराए जाने की प्रबल संभावना है।

चुनावी तारीखों के इस संभावित कैलेंडर के पीछे सबसे बड़ा कारण बोर्ड परीक्षाएं हैं। दरअसल, राज्य और केंद्रीय बोर्ड की ज्यादातर बड़ी परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच आयोजित होनी हैं। चूंकि चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की सबसे अहम भूमिका होती है, इसलिए चुनाव आयोग और प्रशासन के सामने परीक्षाओं और मतदान के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती है।

यही वजह है कि जनवरी के आखिरी हफ्ते में आचार संहिता लगाकर, बोर्ड परीक्षाओं के आखिरी दौर यानी पांच से दस मार्च के आसपास मतदान कराने का खाका तैयार किया गया है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से भी 27 से 30 जनवरी के बीच आचार संहिता प्रस्तावित की गई है। 2022 के चुनाव में आठ जनवरी को आचार संहिता लागू हुई थी। अब चुनाव आयोग आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम जारी करेगा।
बताया जा रहा है कि इस बार चुनाव आयोग यूपी का विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराने की तैयारी में है। पिछला 2022 का चुनाव यूपी में सात चरणों में हुआ था। लिहाजा, पहला चरण मार्च के प्रथम सप्ताह में होगा। इस पहले चरण में ही पश्चिम उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड शामिल होगा। उत्तराखंड में सरकार का कार्यकाल 28 मार्च को खत्म हो रहा है। अहम बात यह भी है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के कारण ही जनगणना पहले कराई जा रही है।
कब किसकी बोर्ड परीक्षाएं प्रस्तावित

सीबीएसई कक्षा 10 और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। आईसीएसई (कक्षा 10) की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक और आईएससी (कक्षा 12) की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल 2027 तक होंगी। वहीं, उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह के बीच ही प्रस्तावित हैं।

प्रदेश में इन तिथियों पर हो चुके हैं चुनाव

  • 2022 में 14 फरवरी
  • 2017 में 15 फरवरी
  • 2012 में 30 जनवरी
  • 2007 में 21 फरवरी
  • 2002 में 14 फरवरी

 

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular