Homeहमारा उत्तराखण्डगुजरात में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर,...

गुजरात में सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, उत्तराखंड के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत

गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने कोटद्वार के तीन परिवारों को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया। हादसे में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और मासूम बेटी शिविका की मौत हो गई।

वहीं, सेकंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता ने भी जान गंवा दी। हादसे में नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं और मासूम बेटी वामिका की भी मौत हो गई। सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में गढ़वाली टंकी के पास रहता था। राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है।

बताया गया कि सौरभ के परिवार के लोग बेटी के जन्मदिन के मौके पर कोटद्वार से गुजरात गए थे। हादसे के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गढ़वाल राइफल्स के ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने बताया कि तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। वहां से लौटते समय शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेकंड गढ़वाल राइफल्स में सेवारत थे। इन दिनों उनकी बटालियन गुजरात के भुज में तैनात है। हादसे के दिन नायक नितिन गुसाईं ड्यूटी पर थे और वह सकुशल हैं। ब्रिगेडियर ने बताया कि सभी शवों का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। शवों को कोटद्वार लाया जा रहा है। देर शाम तक शवों के पहुंचने की संभावना है। तीनों परिवारों के सदस्यों का अंतिम संस्कार कोटद्वार में ही किया जाएगा।

सड़क हादसे में कोटद्वार के तीन परिवारों के सात सदस्यों की मौत सिर में गंभीर चोट और शरीर पर कई जगह चोटें लगने के कारण हुई। भुज के जीके जनरल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जारी मृत्यु प्रमाणपत्रों में मौत की वजह हृदय और श्वसन तंत्र का काम करना बंद होना बताई गई है। सिर की चोटों और शरीर पर कई गंभीर चोटों के कारण सदमे की स्थिति बनी, जिससे हृदय और श्वसन तंत्र ने काम करना बंद कर दिया।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular