उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आचार संहिता इस बार 27 से 30 जनवरी के बीच लग सकती है। इस बार विस चुनाव फरवरी के बजाए मार्च के पहले सप्ताह में होंगे। अंदरखाने इसका खाका तैयार है। पांच से दस मार्च के बीच पहले चरण में मतदान कराए जाने की प्रबल संभावना है।
चुनावी तारीखों के इस संभावित कैलेंडर के पीछे सबसे बड़ा कारण बोर्ड परीक्षाएं हैं। दरअसल, राज्य और केंद्रीय बोर्ड की ज्यादातर बड़ी परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच आयोजित होनी हैं। चूंकि चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की सबसे अहम भूमिका होती है, इसलिए चुनाव आयोग और प्रशासन के सामने परीक्षाओं और मतदान के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती है।
सीबीएसई कक्षा 10 और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। आईसीएसई (कक्षा 10) की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक और आईएससी (कक्षा 12) की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल 2027 तक होंगी। वहीं, उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह के बीच ही प्रस्तावित हैं।
प्रदेश में इन तिथियों पर हो चुके हैं चुनाव
- 2022 में 14 फरवरी
- 2017 में 15 फरवरी
- 2012 में 30 जनवरी
- 2007 में 21 फरवरी
- 2002 में 14 फरवरी



