उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में आयोजित भव्य जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति एवं स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह देवभूमि आस्था, अध्यात्म, ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की भूमि रही है। यहां के लोग सौम्य, परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए निरंतर प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और यह यात्रा बलिदान, संघर्ष और विकास की कहानी रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली क्षमता विस्तार, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। छोटा राज्य होने के बावजूद हर क्षेत्र में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और प्रति व्यक्ति आय में भी बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है, जो विकास की गति को दर्शाता है।
रक्षा मंत्री ने धामी सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों—यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास—को मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने यूसीसी लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना आवश्यक है। राज्य सरकार द्वारा हजारों अतिक्रमण हटाए गए हैं और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत क्षेत्रों के विकास, वाइब्रेंट विलेज योजना और पलायन रोकने के लिए ठोस प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि “पहाड़ की जवानी और पानी” का उपयोग स्थानीय विकास के लिए होना चाहिए, जिससे युवाओं को रोजगार मिले और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और आज वैश्विक स्तर पर सशक्त भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बीते चार वर्षों में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से बड़े निवेश समझौते हुए हैं, जबकि स्टार्टअप और उद्योगों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसे कदमों से राज्य में सकारात्मक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही, समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे, होटल और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, सीमांत क्षेत्रों में विकास कार्यों से रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री रेखा आर्य, रामसिंह कैडा,प्रदीप बत्रा,मदन कौशिक,गणेश जोशी, खजान दास, केन्द्रीय मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भटट, विधायक बंशीधर भगत, दिवान सिंह बिष्ट,सरिता आर्या, डा0 मोहन सिंह बिष्ट, शिव अरोडा, सुरेश गड़िया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।
हल्द्वानी में आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जहां एक ओर भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया, वहीं कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को कोई भी ताकत सत्ता में आने से नहीं रोक सकती।
जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में घोटालों पर पर्दा डाला जाता था, जबकि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को सीधे जेल भेजा जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव में हार मिलने पर वह ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगती है।
रक्षा मंत्री ने पहाड़ी क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, पहाड़ और देश—दोनों के काम आना चाहिए।” उन्होंने इसे संतुलित विकास की दिशा में अहम सोच बताया।
चुनावी माहौल पर बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता 2027 में भी भाजपा को अधिक सीटें देकर सत्ता में वापस लाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि “दुनिया की कोई भी ताकत भाजपा को उत्तराखंड में सरकार बनाने से नहीं रोक सकती।”
हल्द्वानी की जनसभा में उमड़ी भीड़ को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में यहां इतनी बड़ी भीड़ पहले कभी नहीं देखी, जो जनता के बढ़ते समर्थन का संकेत है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने देश के सामने खुद को एक आदर्श राज्य के रूप में प्रस्तुत किया है और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और पश्चिमी एशिया में हो रहे हमलों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने शांति और संवाद को ही स्थायी रास्ता बताया।
भारतीय जनता पार्टी केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश निर्माण के उद्देश्य से राजनीति करती है। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि उत्तराखंड में अवैध घुसपैठ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि धामी सरकार ने 10 हजार से अधिक अतिक्रमण हटाकर एक साहसिक और निर्णायक कदम उठाया है, जिससे प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
धामी ने नेतृत्व में जमरानी परियोजना को नई गति
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जमरानी परियोजना को नई गति मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा।
राजनाथ सिंह ने कुमाऊं क्षेत्र को उत्तराखंड का प्रवेश द्वार बताते हुए कहा कि यहां होने वाले विकास कार्यों का प्रभाव पूरे राज्य के पर्यटन और जनजीवन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण अब मुख्यमंत्री धामी को “धुरंधर धामी” कहना ज्यादा उचित होगा।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को भेजा जाता है जेल
भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में घोटालों पर पर्दा डाला जाता था, जबकि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजा जाता है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री में कहा कि पार्टी उत्तराखंड में विकास, कानून व्यवस्था और राष्ट्रीय मुद्दों पर सख्त व स्पष्ट संदेश देने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। अपने संबोधन से रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी की छवि को एक निर्णायक और प्रभावी नेता के रूप में बताया।
सीएम धामी ने कहा कि हल्द्वानी में आयोजित भाजपा सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh का आत्मीयपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री को ‘वोकल फॉर लोकल’ के अंतर्गत उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार वस्त्र तथा अल्मोड़ा स्थित माँ नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।
कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री द्वारा प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना तथा उनका आत्मीय स्नेह एवं मार्गदर्शन हम सभी के लिए नई ऊर्जा का संचार करने वाला रहा। कार्यक्रम के दौरान उनकी गरिमामयी उपस्थिति में उत्तराखंड राज्य विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
सीएम ने कहा कि इस विराट जनसभा में देवतुल्य जनता से मिले असीम स्नेह, आशीर्वाद और अभूतपूर्व समर्थन के लिए हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं। निश्चित ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2027 में भी देवभूमि की जनता भारतीय जनता पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों पर विश्वास जताते हुए पुनः विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Mahendra Bhatt, केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta, सांसद Ajay Bhatt समेत सम्मानित मंत्रीगण, विधायकगण एवं पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

