Homeहमारा उत्तराखण्डचमोलीUttarakhand Budget Session: बजट सत्र शुरू, विपक्ष का हंगामा, यूकेडी कार्यकर्ताओं ने...

Uttarakhand Budget Session: बजट सत्र शुरू, विपक्ष का हंगामा, यूकेडी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़े

सीएम धामी आज तीन बजे सदन में बजट पेश करेंगे। धामी सरकार का पेश होने वाला आम बजट चुनावी साल को देखते हुए खास होगा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक बजट में युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं देखने को मिल सकती हैं।

यूकेडी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने की पानी की बौछार

उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़े और विधानसभा की तरफ आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पानी की बौछार कर आगे बढ़ने से रोका।

दिवालीखाल में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने रोकी पुलिस की गाड़ियां रोकी और इसके बाद यहां पांच बैरियर तोड़ दिए। कार्यकर्ता विधानसभा जाने की मांग पर अड़े हैं। वहीं पुलिस ने उन्हें पानी की बौछार कर हटाया।
प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा तक पहुंच गए थे 10 से 15 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिवालीखाल में यूकेडी कार्यकर्ताओं ने रोकी पुलिस की गाड़ियां। गाड़ियों में हिरासत में ले जा रहे आंदोलनकरियों को उतारा। पुलिस के साथ हुई झड़प।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहा जोर-राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि श्रम विभाग ने महिला कर्मचारियों को रात्रि पाली में काम करने की छूट दी, जिसमें आवागमन की सुरक्षा व यौन उत्पीड़न रोकने के प्रावधान किए गए हैं। कर्मकार बोर्ड ने 10 लाख से अधिक निर्माण श्रमिकों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, देहरादून के बाद अब अन्य कॉलेजों में कैथलैब की स्थापना की प्रक्रिया गतिमान है। शगुन योजना के अंतर्गत सरकारी अस्पतालों में जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य व 48 घंटे रुकने वाली गर्भवती महिलाओं को 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। देहरादून के हर्रावाला में 300 बेड के कैंसर व मेटरनिटी केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। प्रदेश में 388 पंचकर्म यूनिट संचालित हो रहे हैं, 112 और यूनिट स्थापित की जाएंगी। चिकित्सा पद्धति में एआई आधारित नवीनतम तकनीकी का प्रयोग किया जा रहा है। विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से 12वीं तक के छात्रों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रहीं। एनईपी 2020 के तहत 22 महत्वपूर्ण संकेतकों में से 16 संकेतकों को लागू किया जा चुका। 810 स्कूलों में 1585 स्मार्ट कक्षाएं स्थापित की जा चुकी हैं। 11035 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों को खेल आधारित सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी। उच्च शिक्षा के अंतर्गत अंतिम वर्ष के छात्रों को सॉफ्ट स्किल के प्रशिक्षण व प्लेसमेंट गतिविधियों की शुरुआत की गई।

डिजिटल उत्तराखंड की तरफ बढ़ रहे कदम – राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा 11 नगर निगमों में स्ट्रीट लाइट मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी निकायों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण किया जा रहा है। 953 व्यक्तिगत शौचालय निर्माण स्वच्छ भारत 2.0 के तहत बनेंगे। छह निकायों को सिटी सैनिटेशन एक्शन प्लान बनाया जा रहा है। 46200 से अधिक फेरी व्यावसायियों को 75 करोड़ से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया। आईटीडीए के अंतर्गत इमर्जिंग टेक्नोलॉजी प्रभाग स्थापित किया गया। यह एआई को प्रोत्साहित करेगा। डिजिटल उत्तराखंड पोर्टल के माध्यम से सरलीकरण और सिस्टम इंटिग्रेशन से पारदर्शिता बढ़ाई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच में सुधार हुआ है। पहाड़ों से पलायन रोकने, रोजगार प्रदान करने, स्थानीय संस्कृति से परिचित कराने के लिए दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे योजना शुरू की गई है।

सीमा क्षेत्रों में बसावटों पर जोर- राज्यपाल

राज्यपाल ने कहा कि एक साल में 25 टन ट्राउट मछली की आपूर्ति की गई। सहकारिता विभाग स्वयं सहायता समूहों को ब्याजरहित ऋण उपलब्ध करा रहा है। राज्य में कार्यशील पैक्स को उर्वरक खुदरा विक्रेता के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके तहत 400 प्रधानमंत्री किसान केंद्र खोले जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से मानव-वन्यजीव मृत्यु पर राहत राशि छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई। वनाग्नि नियंत्रण व आपदा प्रबंधन के लिए वर्ष 2025 में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सिस्टम शुरू किया गया। उत्तरकाशी वन प्रभाग में एशिया का पहला स्नो लेपर्ड कंजर्वेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है। पीएम आवास योजना ग्रामीण के पहले चरण में 68,531 परिवारों को शत-प्रतिशत आवास स्वीकृत किए गए। 1321 भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टे आवंटित किए गए। 22,500 किमी से अधिक लक्ष्य के सापेक्ष 21,300 किमी से अधिक सड़क पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई। 1860 बसावटें मुख्य मार्ग से जोड़ी गई हैं। वाइब्रेंट विलेज के तहत चारधाम मार्गों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं।

राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि अल्पसंख्यक छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए मदरसा बोर्ड की जगह अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण बनाया गया है। समाज कल्याण विभाग विभिन्न वर्गों के आर्थिक, सामाजिक विकास के लिए राजकीय वृद्ध आश्रम, भिक्षुक गृह संचालित कर रहा है। जनवरी 25 से 2026 तक 9,62,000 से अधिक पेंशनरों को एक हजार करोड़ से अधिक की धनराशि दी गई है।

बजट सत्र शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। राज्यपाल के अभिभाषण शुरू ही हुआ था कि कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

विपक्ष के शोर के बीच राज्यपाल का संबोधन शुरू

बजट सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान विपक्ष ने नारेबाजी की।  विपक्षी नेता नारेबाजी कर वेल में पहुंचे। इसके बाद शोर के बीच ही राज्यपाल का संबोधन शुरू हुआ।

आज से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में पांच दिवसीय बजट सत्र शुरू हो  रहा है। उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश करेगी।

विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बजट  की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक परिसर में धरने पर बैठ गए।

बजट सत्र के पहले दिन सदन के बाहर सड़क पर प्रदर्शन शुरू हो गया। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं दिवालीखाल पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने बैरिकेड लगाकार उन्हें रोका।

प्रदेश के बजट में इस बार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी

बीते वर्ष की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ 1.11 लाख करोड़ होने का अनुमान है।

पहली बार राज्यपाल के अभिभाषण के दिन पेश होगा बजट

उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार सरकार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश करेगी। यह पहला मौका होगा जब मुख्यमंंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट पेश करेंगे।
उत्तराखंड सरकार के गैरसैंण पहुंचने से ग्रीष्मकालीन राजधानी में रौनक लौट आई है। आज से भराड़ीसैंण विधानसभा में बजट सत्र शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरूआत होगी। अभिभाषण में राज्यपाल उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए सरकार का रोडमैप रखेंगे। भराड़ीसैंण विधानसभा में पांच दिवसीय बजट सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई है। सुबह 11 बजे सदन में राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद सदन की अन्य कार्यवाही की जाएगी।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular