हरिद्वार देहरादून राजमार्ग पर रविवार रात रायवाला के समीप मोतीचूर फ्लाईओवर पर कई वाहन आपस में भिड़ गए। जिससे उनमें आग लग गई। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद कई किलोमीटर तक जाम लग जाने से यात्री कई घंटे परेशान रहे।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 10:20 बजे रायवाला से हरिद्वार की ओर जाने वाली लेन पर एक कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। जिससे उसके पीछे चल रहा ट्रैक्टर कार से टकरा गया। इसके बाद ट्रैक्टर को भी एक ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे से कार में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में कार सवार एक महिला की मौत हो गई है।
चश्मदीदों ने बताया कि महिला का शव ट्रक के नीचे फंसा था। घटना के बाद ट्रक का प्रेशर टूट जाने से उसके ब्रेक जाम हो गए। ट्रक सीमेंट से भरे होने की वजह से हिल भी नहीं पा रहा था। ट्रक को जेसीबी औऱ क्रेन से उठाने का प्रयास किया गया, बाद में हाइड्रा मशीन से उसे हटाया जा सका। वेगनार कार ट्रक औऱ बस के बीच पिचक गई थी। महिला के शव का एक हिस्सा पहले निकाल लिया गया था लेकिन दूसरा हिस्सा रात करीब पौने एक बजे ट्रक के हटने के बाद निकाला जा सका।

