राजधानी दून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह राजपुर रोड सिल्वर सिटी कंपलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। जोकि प्रॉपर्टी और खनन से जुड़ा काम करता था।
राजधानी में फिर गोलियों की गूंज से लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड के पास कारोबारी की हत्या की खबर से दून के लोग एक फिर सहम गए। तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी अर्जुन शर्मा की जिस तरह से गोली मारकर हत्या की है उससे इलाके में अफरातफरी है। बेखौफ बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम देकर देहरादून पुलिस को खुली चुनौती दी है।
देहरादून शहर में बीती दो फरवरी को गुंजन हत्याकांड ने सनसनी फैला दी थी। दूल्हा बाजार में सुबह करीब 11 बजे आकाश ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर हत्या कर दी थी। आरोपी सलाखों के पीछे है, इस मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर रिकाॅर्ड समय में हत्यारोपी आकाश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी।
31 जनवरी को ऋषिकेश के शिवाजी नगर में प्रीति रावत (30) की उनके लिव-इन पार्टनर सुरेश गुप्ता ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी ने संपत्ति बेचने के बाद घर न मिलने और शादी से जुड़ी अनबन के चलते वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को सहारनपुर से 36 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया था।


