देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई इनमें से तीन लोग सहारनपुर के एक ही परिवार के हैं। खाद से भरा एक कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही बगल में चल रही आई-20 कार के ऊपर पलट गया। कार कंटेनर के नीचे दब गई। कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह साल के बच्चे को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक और परिचालक मौके से भाग हो गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोहब्बेवाला चौक पर सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार के बराबर से खाद से भरा कंटेनर गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों कि रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद अचानक कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े लेकिन कार कंटेनर के नीचे दबी हुई थी। इस कारण लोग किसी को नहीं निकाल पाए।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कंटेनर के नीचे दबी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सबसे पहले हाइड्रा के सहारे कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की गई। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार में सवार चार अन्य लोगों को निकालकर दो एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक मिश्रेष कपूर के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को देखने के लिए देहरादून आ रहे थे।
ये हैं मृतक
मिश्रेष कपूर (38 वर्ष)
निशा आनंद कपूर (38 वर्ष), पत्नी
किरण कपूर (63 वर्ष), मां
नीरज, कार चालक
घायल
माहेर कपूर (06)
गाड़ी काटकर निकाले शव
ट्राले के नीचे दबकर कार इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई कि कार काटकर शवों को निकाला गया। हादसे की खबर लगते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
शुरुआती जांच में ब्रेक फेल होने का दावा
मोहब्बेवाला में हुई दुर्घटना की शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का दावा है कि कंटेनर के ब्रेक फेल हो गए थे। इसलिए वह काफी दूर से तेज रफ्तार में आ रहा था। रंबल स्ट्रिप पार करते ही वह अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक काफी दूर से डगमगाते हुए आ रहा था।



