राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
दो दिवसीय दौरे लिए राष्ट्रपति आज देहरादून पहुंच गई हैं। कल शनिवार को वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके तहत अलग-अलग मार्गों पर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सुरक्षा एजेंसियां लगातार निरीक्षण कर रही हैं। दून पुलिस शहर में प्रवेश करने वाले हर वाहन की सघन जांच कर रही है। जिले की सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्टों पर पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच के साथ सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है।

