Homeहमारा उत्तराखण्डUttarakhand Weather: प्रदेश में तापमान 40 पार पहुंचने के आसार, एडवाइजरी जारी

Uttarakhand Weather: प्रदेश में तापमान 40 पार पहुंचने के आसार, एडवाइजरी जारी

मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कुछ जिलों में आगामी दिनों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने के आसार जताए हैं। इसके मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलों को एडवाइजरी जारी कर सचेत रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा सभी जनपदों को निर्देशित किया गया है कि अत्यधिक गर्मी के प्रभाव को देखते हुए आमजन को दोपहर में बाहर न निकलने व अन्य जरूरी कदम उठाने के प्रति जागरूक किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन व गर्मी जनित बीमारियों से निपटने हेतु अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, विद्यालयों, निर्माण स्थलों एवं बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

शहर में हो रही अत्यधिक गर्मी के बीच अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। अब अधिवक्ता बिना कोट पहने भी न्यायालय में उपस्थित होकर पैरवी कर सकेंगे। यह व्यवस्था मंगलवार 19 मई से लागू कर दी गई है। जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता कोट पहने बिना आवाजाही कर सकेंगे। बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों ने जिला जज से मिलकर इसकी मांग की थी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान और उमस के कारण अधिवक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

इस समस्या को लेकर बार एसोसिएशन देहरादून के पदाधिकारियों ने जिला जज से मुलाकात कर अधिवक्ताओं को गर्मी के दौरान कोट पहनने से छूट देने की मांग की थी। बार पदाधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी में काला कोट पहनकर लंबे समय तक कोर्ट में कार्य करना स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर डाल रहा है। बार एसोसिएशन की मांग पर जिला जज ने अधिवक्ताओं को राहत प्रदान की है। आदेश के अनुसार, अब अधिवक्ता निर्धारित ड्रेस कोड के अन्य नियमों का पालन करते हुए बिना काला कोट पहने अदालत में उपस्थित हो सकेंगे। अधिवक्ताओं ने इसे मानवीय और व्यावहारिक फैसला बताया है।

भले मई की शुरुआत उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी और तेज तूफान के साथ हुई हो लेकिन बीते कुछ दिनों से गर्मी खूब तेवर दिखा रही है। मैदान से लेकर पहाड़ तक दिन-ब-दिन पारा चढ़ने से गर्म हवाओं ने परेशानी को दोगुना कर दिया। वहीं, आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पास तक पहुंच गया। सुबह से चिलचिलाती धूप और दिन में गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। बाजारों में भी दोपहर के वक्त ग्राहकों की संख्या में गिरावट देखने को मिली। दिन में दून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री इजाफे के साथ 38.9 डिग्री रहा और रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री रहा। दिन भर चटक धूप खिलने का असर पर्वतीय इलाकों में भी साफ देखने को मिला। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 19 मई को भी प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 20 से 24 मई तक प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं लेकिन मैदानी इलाकों में इसका बहुत अधिक असर पड़ने का अनुमान नहीं है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular