मम्मी विशाखा चली गई है, किसी को बताना नहीं…। यह बात विशाखा के बड़े भाई विशाल ने अस्पताल में भर्ती मां को सुबह चार बजे फोन करके कही। उसके बाद फरार हो गया। विशाखा का परिवार बहुत बुरे हालात से गुजर रहा है। उसकी मां रसौली के ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती हैं। पिता बुधराम लकवाग्रस्त होने से काफी समय से बिस्तर पर लाचार हैं।
सोमवार तड़के बड़े बेटे का फोन आने के बाद मां अनहोनी की आशंका से बेचैन हो गई थीं। करीब 10 बजे पुलिस से पता चला कि उनकी बेटी की लाश जंगल में मिली है तो एक बार को होश खो बैठीं। होश में आने पर पुलिस को बताया कि तड़के चार बजे विशाल का कॉल आया था। उनकी बात से पुलिस का संदेह विशाल पर गहरा गया। तब से उसकी तलाश में दबिश जारी है। पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने बताया कि विशाखा की मां को बार-बार बेहोशी के दौरे पड़ रहे हैं। उनकी तबीयत पहले से खराब है। पिता भी बिस्तर पर बेबस पड़े हैं। ऐसे में घर की सबसे जिम्मेदार बिटिया की हत्या के बाद बिलकुल बेसहारा हो गए हैं।



