11.3 C
Dehradun
Saturday, April 27, 2024
Homeदेशजम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा हादसा : आईटीबी की दुर्घटनाग्रस्त बस में...

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा हादसा : आईटीबी की दुर्घटनाग्रस्त बस में पिथौरागढ़ का जवान शहीद

जम्मू के पहलगाम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की दुर्घटनाग्रस्त बस में पिथौरागढ़ का जवान भी शहीद हो गया। घी त्यार (त्योहार) के ठीक एक दिन पहले शहादत की खबर से गांव में शोक छा गया। 

पिथौरागढ़ के चंडाक क्षेत्र के भुरमुनी निवासी दिनेश सिंह बोहरा आईटीबीपी की चौथी बटालियन में 14 साल से तैनात थे। वह इन दिनों अमरनाथ यात्रा में तैनात थे। दिनेश सिंह की शादी सात साल पहले हुई थी। उनकी तीन साल की बेटी है। दिनेश अपने घर में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई राकेश बोरा हल्द्वानी में नर्सिंग अधिकारी हैं। शहादत की सूचना मिलने पर पिता पूरन सिंह बोहरा, मां गीता बोहरा, पत्नी बबीता बोहरा का रो-रोकर बुरा हाल है। 

दिनेश सिंह की शहादत की खबर मिलने के बाद भुरमुनी गांव में बुधवार होने वाला घी त्यार (त्योहार) महोत्सव स्थगित कर दिया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता ललित धानिक ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां चल रही थीं, सभी ग्रामीण इसमें जुटे हुए थे। लेकिन दुखद समाचार मिलने के बाद हर कोई गम में डूब गया।  उन्होंने बताया कि इस बार गांव में हिलजात्रा का आयोजन भी नहीं किया जाएगा। 

दिनेश सिंह दो महीने पहले ही घर आए थे। उनकी तीन साल की बेटी को दो महीने पहले ही पिथौरागढ़ शहर के एक स्कूल में प्रवेश दिलाया है। दिनेश की पत्नी बच्ची के साथ नगर में किराये पर कमरा लेकर रहती हैं।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पहलगाम में हुए बस हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा ‘जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में ITBP के जवानों के हताहत होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। मैं ईश्वर से शहीद जवानों को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’

—————-

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में बड़ा हादसा हुआ है। पहलगाम के चंदनवाड़ी में आईटीबी के जवानों से भरी बस खाई में गिर गई। हादसे में छह जवान शहीद हो गए हैं, जबकि 30 जवान घायल हुए हैं। बचाव और राहत कार्य जारी है। मौके पर 19 एंबुलेंस तैनात हैं।

जानकारी के अनुसार, एक बस चंदनवाड़ी से पहलगाम आईटीबीपी जवानों को ले जा रही थी। ब्रेक फेल होने की वजह से बस खाई में गिर गई। बस में 39 जवान सवार थे। 37 जवान आईटीबीपी और दो जवान जम्मू कश्मीर पुलिस के थे।

बताया जा रहा है कि सभी जवान अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर थे। अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद जवान लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रेक फेल होने के बाद बस नदी में गिर गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

पुलिस के अनुसार, अनंतनाग जिले में चंदनवाड़ी पहलगाम के पास सड़क दुर्घटना में आईटीबीपी के छह जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सेना के अस्पताल श्रीनगर ले जाया जा रहा है। 

बस हादसे पर आईटीबीपी के पीआरओ ने बताया कि हमारे छह जवानों की जान गई है, जबकि 30 घायल हुए हैं। हम घायलों को हर संभव इलाज मुहैया करा रहे हैं। आईटीबीपी मुख्यालय स्थिति पर नजर रखे हुए है। जवान अमरनाथ यात्रा ड्यूटी से लौट रहे थे। शहीद जवानों के परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी। 

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!