भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय दौरे पर पहली बार देहरादून पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सीधे पार्टी मुख्यालय में पहुंच कर प्रदेश कोर कमेटी व मंत्रियों की बैठक ली। 2027 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए कोर कमेटी में पार्टी कार्यक्रमों पर चर्चा कर सरकार के चार साल में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों को सराहा गया।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों ने स्वागत किया। जौलीग्रांट से लेकर पार्टी मुख्यालय पर जगह- जगह पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा के साथ पारंपरिक परिधान पहने महिला व युवाओं ने वाद्य यंत्रों की गूंज पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का पहला संगठनात्मक दौरे से पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। एयरपोर्ट, हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी, फव्वारा चौक आदि जगहों पर स्वागत किया गया।

