नई टिहरी। नई टिहरी में डंपिंग जोन के ऊपर आवंटित भूखंडों को लेकर विवाद गहरा गया है। इस संबंध में स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी टिहरी व पुनर्वास निदेशक नितिका खंडेलवाल को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी बलबीर सिंह नेगी और सतीश उनियाल ने डीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि नई टिहरी-बौराड़ी मुख्य मार्ग के ऊपर जेल रोड पर पूर्व में टिहरी बांध परियोजना की ओर से डंपिंग जोन बनाए जाने के लिए लगभग पांच मीटर ऊंची दीवार का निर्माण किया गया था।
आरोप है कि बाद में पुनर्वास निदेशालय और बिल्डरों की मिलीभगत से उक्त डंपिंग जोन के ऊपर भूखंड आवंटित कर दिए गए, जबकि उक्त भूखण्ड पहले से अन्यंत्र लोगों को आवंटित की जा चुकी थी। पत्र में यह भी कहा गया कि बिल्डरों की ओर से कथित रूप से पात्रता खरीदकर पूर्व आवंटित भूखंडों में परिवर्तन कराया गया।
संबंधित क्षेत्र में कई अखरोट व अन्य फलदार पेड़ मौजूद थे, जिन्हें काटकर वर्तमान में निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार सी-ब्लाक टाइप-3 के सी-4/4 और सी-3/4 में आवंटित आवासीय भवनों के नीचे जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही है, जिससे भवनों की नींव को खतरा उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि इससे वहां निवासरत परिवारों की जान-माल पर जोखिम मंडरा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि परिवर्तित भूखंडों की जांच कर आवासीय भवनों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और भविष्य में कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुनर्वास निदेशालय की होगी।


