नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए आज वन मंत्री एवं नरेंद्र नगर विधानसभा से विधायक सुबोध उनियाल ने मुनि की रेती ढालवाला एवं तपोवन क्षेत्र में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का व्यापक स्तर पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में चल रहे विभिन्न आधारभूत संरचना विकास कार्यों का विस्तार से जायजा लिया गया। इसमें सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, ड्रेनेज और सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, शहरी परिवहन को व्यवस्थित करने, निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों के विकास तथा पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शहरी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल रहे। इसके अतिरिक्त नदी तटों पर बाढ़ से सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे मजबूत सुरक्षा पुस्तों (Retaining Walls) तथा भूस्खलन और कटाव को रोकने के लिए किए जा रहे स्लोप प्रोटेक्शन कार्यों (Slope Protection Works) का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। इन कार्यों का उद्देश्य नदी किनारे स्थित आबादी, सड़कों और सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखना तथा भविष्य में संभावित आपदाओं के जोखिम को कम करना है।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


