उत्तराखंड में अगले माह सितंबर से खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। एक सितंबर से न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपना हुनर दिखाएंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऑनलाइन बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम चौहान ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना, धैर्य और संघर्षशीलता जैसे जीवन मूल्यों के विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि विगत वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की प्रगति का विश्लेषण कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाए। बताया कि एक से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
इसके बाद एक अक्तूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं संपन्न कराई जाएंगी। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 व अंडर-19 आयु वर्ग के बालक और बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिताओं में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज समेत अनेक खेल शामिल किए गए हैं। बैठक में विधायक उमेश शर्मा, ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी ने हिस्सा लिया।
चैंपियनशिप में न्याय पंचायत, विधानसभा व संसदीय क्षेत्र स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, पदक व नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक 800 रुपये का इनाम दिया जाएगा। दूसरा स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को 600 और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 400 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। वहीं, न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। पिछले वर्ष देहरादून ने 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य समेत कुल 318 पदक जीतकर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

