अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे के बाद विचलित करने वाला मंजर सामने आया है। अहमदाबाद के मेघाणीनगर में हुए इस हादसे में अब तक 265 लोगों के शव अहमदाबाद सिविल अस्पताल ले जाए जा चुके हैं। वहीं, विमानन कंपनी एयर इंडिया ने भी पुष्टि की है कि हादसे का शिकार हुए विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो चुकी है। वहीं, जीवित बचे एक मात्र शख्स का इलाज चल रहा है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर शव बिखरे पड़े थे। ज्यादातर शव बुरी तरह से झुलस गए। उनकी पहचान भी नहीं हो पा रही है। वहीं, हादसे के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य चल रहा है। इस बीच सामने आया है कि हादसे के कारण घटनास्थल का तापमान इतना ज्यादा बढ गया कि बचाव कार्य बेहद कठिनता से हो पा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी AI-171 विमान दुर्घटना में घायलों से मिलने अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे।
विस्फोट के बाद दुर्घटनाग्रस्त विमान के आसपास तापमान 1000 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार देर रात बताया कि घटनास्थल पर ताप इतना बढ़ गया कि यहां तक कि जानवरों और पक्षियों तक को भागने का मौका नहीं मिला और सभी जलकर खाक हो गए।
गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान उडान भरते ही भयावह हादसे में कैश हो गया और डॉक्टरों के छोत्रावास व नर्सिंग स्टाफ के आवासीय परिसर से टकरा गया। हादसे में कुल 266 लोगों की मौत हो गई। विमान में चालक देख समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 लोगों की मौत हो गई। विमान से कूद जाने के कारण सिर्फ एक यात्री जिंदा बचा है। विमान में सवार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई। 1996 के बाद देश में यह दूसरा बडा विमान हादसा है। हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो करेगा।
एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-171 बृहस्पतिवार को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी। विमान ने अहमदाबाद के रनवे-23 से 13:39 बजे उड़ान भरी थी। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे। विमान में दो पायलट एवं 10 केबिन क्रू थे। दो इंजन वाला यह विमान उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही तेजी से नीचे की ओर आने लगा और सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास मेघानीनगर के सिविल अस्पत्ताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के पांच मंजिला छात्रावास पर गिर गया।
————————————
अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास भीषण विमान हादसा हुआ है। मेघाणीनगर में एयरपोर्ट के पास 242 यात्रियों वाली एअर इंडिया फ्लाइट क्रैश हुई है।
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व सीएम अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान में सवार थे। जो उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पूर्व सीएम विजय रुपाणी के निधन की पुष्टि गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने की है।
अहमदाबाद शहर के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कुल 204 शव बरामद किए गए हैं। पुलिस आयुक्त के अनुसार बरामद किए गए शवों में यात्री और जमीन पर मारे गए लोग दोनों शामिल हो सकते हैं, क्योंकि विमान दोपहर के भोजन के समय हवाई अड्डे के बाहर एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। बता दें कि, यात्रियों में 217 वयस्क, 11 बच्चे और दो बच्चे शामिल थे। वहीं एयर इंडिया ने बताया है कि विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडाई सवार थे।
इस हादसे पर टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन शोक जताते हुए कहा- एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी दुखद घटना से हम बहुत दुखी हैं। इस समय हम जो दुख महसूस कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है और जो घायल हुए हैं।
टाटा समूह इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवारों को ₹1 करोड़ की सहायता राशि देगा। हम घायलों के चिकित्सा व्यय को भी वहन करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि उन्हें सभी आवश्यक देखभाल और सहायता मिले। इसके अतिरिक्त, हम बीजे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करेंगे। हम इस अकल्पनीय समय में प्रभावित परिवारों और समुदायों के साथ खड़े हैं।
625 फीट से गिरने के बावजूद बची जान
गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान AI-171 गुरुवार को टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। फ्लाइट रडार के आंकड़ों के अनुसार 625 फीट की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद विमान हादसे का शिकार हो गया। इस विमान में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी समेत 242 यात्री सवार थे। अभी तक 200 से अधिक लोगों के जान गंवाने की खबरें आ रही हैं। लेकिन इस हादसे में एक शख्स जिंदा भी बच गया है। विमान हादसे के दौरान 625 फीट से गिरने के बावजूद उसकी जान बच गई। शख्स हादसे के स्थल से लाशों के बीच से होते हुए चलते हुए अस्पताल पहुंचा।
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने कहा है, पुलिस को सीट 11ए पर एक जीवित व्यक्ति मिला। व्यक्ति अस्पताल में पाया गया है और उसका इलाज चल रहा है। अभी तक मौतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि विमान आवासीय क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जिंदा बचे शख्स का नाम रमेश विश्वास कुमार बताया जा रहा है। विश्वास का अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, “यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैं (विमानन) विशेषज्ञ नहीं हूं, इसलिए इसके कारण के बारे में अनुमान लगाना मेरे लिए उचित नहीं होगा। घटना के कारण का पता लगाने के लिए गहन जांच की आवश्यकता है। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर को एक शक्तिशाली विमान माना जाता है, जो 12-14 घंटे तक उड़ान भरने में सक्षम है। इसका अर्थ है कि इसमें लगभग 80-90 टन ईंधन था।”