देहरादून। प्रदेश में यमुनोत्री विधायक को फोन पर धमकी देने के मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपी एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी डाक्टर पर इससे पहले भी धमकी देने, जान से मारने और पीएनडीटी एक्ट में करीब सात मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
बीती 4 अगस्त को नेहरू कॉलोनी पुलिस थाना में यमुनोत्री के विधायक केदार सिंह रावत के निजी सहायक ने तहरीर दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा विधायक को गाली और धमकी दी जा रही है। इस तहरीर के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जिस नंबर से धमकी दी गई थी पुलिस द्वारा जब उसकी जांच की गई तो वह डॉक्टर प्रमोद त्यागी निवासी लेन नंबर दो अशोक विहार का निकला।
जिसके बाद पुलिस ने कई बार डॉक्टर के घर नोटिस चस्पा किए, लेकिन इसके बाद भी आरोपी डॉक्टर ने कोई संज्ञान नहीं लिया। बीते रविवार को पुलिस ने आरोपी को अजबपुर फ्लाईओवर से गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि प्रमोद त्यागी पहले राजधानी स्थित आराघर में अपना क्लीनिक चलाता था। वर्तमान में उसका बिहारीगढ़ में अपना क्लीनिक खोला हुआ है।
————-
देहरादून। प्रदेश में एक विधायक को जान से मारने का मामला सामने आया है। विधायक के निजी सहायक की ओर से यहां नेहरू कॉलोनी थाने में इस संबंध में शिकायत की गई है। पुलिस ने देहरादून निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुनोत्री के विधायक केदार सिंह रावत को फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते मंगलवार को विधायक के पास किसी अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि एक अधिकारी उनका फोन नहीं उठा रहा है। उसने अपना नाम डॉ. प्रमोद त्यागी बताया।
विधायक ने अधिक जानकारी मांगी तो वह अनर्गल बात करने लगा। इस पर विधायक ने उसका फोन काट दिया। इसके बाद उसने दूसरी बार फोन किया और कहा कि वह अजबपुर देहरादून का रहने वाला है और विधायक को जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर विधायक ने विधायक हॉस्टल में अपने निजी सहायक सूर्यपाल सिंह राणा को फोन कर इसकी पूरी जानकारी दी।
एसओ नेहरू कॉलोनी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि सूर्यपाल सिंह राणा की तहरीर पर ही डॉ. प्रमोद त्यागी के खिलाफ गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।