उत्तरकाशी। पिछले पांच दिनों से बंद चल रहा यमुनोत्री राजमार्ग को आज शुक्रवार छटांगाधार में वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। ऑल वेदर रोड कार्य के चलते छटांगाधार क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन के कारण यमुनोत्री राजमार्ग बंद हो गया था।
यहां पर पहाड़ी से रुक-रुक कर भारी बोल्डर और मलबा गिरने से राजमार्ग खोलने में भारी परेशानियां आ रही थी, जिसके बाद प्रशासन को यहां यातायात डायवर्ट करना पड़ा था। राजमार्ग को सुचारु करने के लिए निर्माण एजेंसी ने जिला प्रशासन से 15 दिन का समय मांगा था।
विदित हो कि बीते शनिवार देर रात को ऑल वेदर रोड निर्माण कार्य के दौरान छटांगाधार में भारी भूस्खलन हो गया था। इसे खोलने के लिए एनएच विभाग व निर्माण एजेंसी के कर्मचारी रविवार सुबह से ही जुटे रहे, लेकिन पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहने के कारण सफलता नहीं मिल पाई।
हालांकि, बीते सोमवार सुबह करीब दस बजे मलबा साफ कर राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई थी, लेकिन आधा घंटे बाद ही भूस्खलन सक्रिय होने से हाईवे को पुनः बंद करना पड़ा। आज शुक्रवार को सुबह यह राजमार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।