Home हमारा उत्तराखण्ड UKSSSC पेपर लीक मामले में 34 वीं गिरफ्तारी, मास्टर माइंड मूसा के साथी...

UKSSSC पेपर लीक मामले में 34 वीं गिरफ्तारी, मास्टर माइंड मूसा के साथी राव को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

0
1402

पेपर लीक के मास्टरमाइंड सैयद सादिक मूसा के साथी संपन्न राव को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके घर से पेपर लीक से कमाए गए 3.80 लाख रुपये बरामद हुए हैं। वह मूसा के साथ परीक्षा से पहले हल्द्वानी आया था और यहां अन्य साथियों को पेपर उपलब्ध कराए थे। पेपर लीक मामले में यह 34वीं गिरफ्तारी है।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक मामले में गिरफ्तारियों का दौर जारी है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर रविवार को संपन्न राव को गोमतीनगर, लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से गाजीपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसने पेपर लीक में अहम भूमिका निभाई थी।

मूसा और अन्य साथियों के साथ वह हल्द्वानी आकर कुछ दिन ठहरा था। यहां उसने अन्य साथियों को पेपर दिए थे। उसके आवास से 3.80 लाख रुपये मिले हैं। एसएसपी ने बताया कि एसटीएफ ने पूर्व में गिरफ्तार एक अन्य अभियुक्त विपिन बिहारी के लखनऊ स्थित आवास से भी पेपर लीक के एवज में मिले छह लाख रुपये बरामद किए हैं। पेपर लीक मामले में एसटीएफ अभी तक 92 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों की करोड़ों की अवैध संपत्ति का भी पता चला है। उनके दर्जनों बैंक अकाउंट फ्रीज किए गए हैं।

—–———––—–-

UKSSSC पेपर लीक मामले में शनिवार को 33 वीं गिरफ्तारी हुई। एसटीएफ ने आयोग में तैनात पीआरडी कर्मचारी संजय राणा निवासी भीमतला जिला चमोली को गिरफ्तार किया।

अभियुक्त द्वारा पूर्व पीआरडी कर्मचारी मनोज जोशी के साथ मिलकर अपने घर में लखनऊ से लीक प्रश्न पत्र की फोटो कॉपी करवाई गई और अपनी पत्नी को प्रश्न पत्र देकर चयनित करवाया गया।

स्पेशल टास्क फोर्स ने गवाहों के बयान एवं  टेक्निकल साक्ष्य के आधार पर अभियुक्त को अरेस्ट किया। अभियुक्त के कब्जे से फोटो कॉपी मशीन और सीपीयू बरामद हुआ है। वह वर्ष 2014 से 2022 अप्रैल तक यूकेसीएसएससी में पीआरडी कर्मचारी नियुक्त था।

इससे पहले शुक्रवार को पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने राजकीय पॉलीटेक्निक हिंडोलाखाल के जूनियर असिस्टेंट को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से लक्सर, हरिद्वार का रहने वाला है। आरोप है कि उसने कई अभ्यर्थियों को धामपुर में हाकम सिंह के सेंटर पर हल किया हुआ पेपर दिया था। इसे याद कर अभ्यर्थियों ने दोनों दिन परीक्षा में भाग लिया।

—-–—–———————–

उत्तराखंड में पेपर लीक प्रकरण खासा छाया हुआ है। UKSSSC पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने हरिद्वार से एक आरोपी गिरफ्तार किया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने धामपुर के नकल सेंटर में परीक्षार्थियों को नकल कराई थी। पेपर लीक मामले में गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी है। एसटीएफ एक के बाद एक आरोपियों तक पहुंच रही है। 

शुक्रवार को पेपर लीक मामले में 32 वीं गिरफ्तारी हुई। एसटीएफ ने टिहरी के हिंडोलाखाल पॉलिटेक्निक में तैनात कनिष्ठ सहायक राजबीर को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। आरोपी ने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के कुछ परीक्षार्थियों को साथ ले जाकर धामपुर के नकल सेंटर में प्रश्न पत्र लीक कराया था।

No comments

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!