भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखण्ड से दो चेहरे शामिल हुए हैं। राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को भाजपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता बनाकर उनका कद और बढ़ाया गया है। पार्टी के दिग्गज नेता स्व. अरुण जेटली और रवि शंकर प्रसाद के बाद बलूनी पार्टी के ऐसे तीसरे नेता हैं, जो राष्ट्रीय संगठन के मीडिया प्रमुख के साथ मुख्य प्रवक्ता की दोहरी जिम्मेदारी निभाएंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम में उत्तराखंड मूल के महेंद्र पांडेय को भी जगह मिली है। पांडेय को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव बनाया गया है। पांडेय लंबे समय से केंद्रीय स्तर पर पार्टी में सेवारत हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत समेत तमाम नेताओं ने उत्तराखंड सांसद अनिल बलूनी और पांडेय को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारी दिए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है।