पिथौरागढ़। उत्तराखण्ड के सीमांत इस जिले के चैसर गांव में शुक्रवार तड़के आज एक मकान के अचानक ध्वस्त होने से दो बच्चों समेत उनके पिता की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में मां गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों के द्वारा घायल महिला को मलबे से निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शुक्रवार की सुबह पिथौरागढ़ के विन विकासखंड के चैसर गांव में खुशालनाथ का मकान अचानक गिर गया। इस घटना में घर में सो रहे खुशाल नाथ 28 वर्ष, पुत्र धनंजय 07 वर्ष और पुत्री निकिता 05 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। खुशाल नाथ की पत्नी निधि उम्र 25 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और राहत बचाव कार्य कर घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्षेत्र में इस घटना से गमगीन माहौल बना हुआ है। बताया गया है कि भारी मात्रा में छत का मलबा गिरने से तीनों की मौत हुई। महिला के पैरों में चोट आई है। महिला कमरे में दीवार की ओर सोए होने के चलते बच गई। गांव में खतरे को देखते हुए तीन परिवारों को शिफ्ट कर दिया है।