देहरादून। हरियाली के प्रतीक हरेला पर्व पर सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज पौध रोपण कर इस अभियान का श्रीगणेश किया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राजभवन और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने आवास से हरेला अभियान की शुरुआत की।
आज सुबह सबसे पहले सीएम ने अपने सरकारी आवास में पौधा लगाया और इसके बाद नालापानी क्षेत्र में पौध रोपण कर लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक रहने का आहवान किया। इस मौके पर कहा कि सभी प्रदेशवासी इस पर्व से जुड़ें और इस पर्व पर एक पौधा अवश्य लगाएं। सीएम ने हरेला पर्व की महत्ता पर बल देते हुए उससे जुड़ने की अपील की है। इसको लेकर मुख्यमंत्री श्री रावत द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश भी साझा किया है।
अपने इस संदेश में उन्होंने कहा है कि हमारे बुजुर्गों के द्वारा यह पर्व खासतौर पर मनाए जाते रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह पर्व खासा महत्वपूर्ण है। आज की नई पीढ़ी को भी ऐसे पर्वों के बारे में जानकारी होनी चाहिए और इसका महत्व समझना चाहिए। अपील की है कि सभी लोग इस अभियान से जुड़ें और अपने घर, आसपास के क्षेत्र में एक पौधा इस मौके पर जरूर लगाएं।
16 जुलाई, #हरेला पर्व के पावन अवसर पर हर व्यक्ति 01 पौधा अवश्य लगाए और वृक्षारोपण के साथ ही जलस्रोतों के संरक्षण का भी संकल्प लें। इस बार कोविड-19 के कारण हरेला पर्व पर पहले की तरह कार्यक्रमों का आयोजन सम्भव नही है, परंतु हमारा पर्यावरण संरक्षण का अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए। pic.twitter.com/sxTKQUfHco
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) July 15, 2020