हरिद्वार। मुंबई पुलिस की एक काल पर यहां प्रदेश में हड़कंप मच गया। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद हरिद्वार पुलिस रातभर हरकी पैड़ी पर सर्च अभियान चलाती रही।
दरअसल मुंबई पुलिस ने उत्तराखण्ड को बताया कि उनके पास एक काल आई है, जिसमें काल करने वाले ने खुद को दाउद इब्राहिम बताते हुए कुछ ही घंटों में हरकी पैड़ी को ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी है।
दरअसल मुंबई पुलिस के कंटोल रूम में बीती शुक्रवार को अंडर वल्र्ड डाॅन दाउद इब्राहिम के नाम से एक काॅल आई, जिसमें धर्म नगरी हरिद्वार की सबसे व्यस्ततम हरकी पैड़ी को ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी दी है। इस पर मुंबई पुलिस ने तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने हरिद्वार पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी। यह जानकारी मिलते ही जहां पुलिस के आला अधिकारियों की नींद उड़ गई वहीं आनन-फानन में हरकी पैड़ी की सुरक्षा बढ़ाते हुए वहां पर सूचना के मुताबिक सर्च अभियान प्रारंभ कर दिया।
हरिद्वार पुलिस के उच्च अधिकारी डॉग स्कवॉयड और बम निरोधक दस्ते के साथ चेकिंग में जुट गए। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने भी मुंबई पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि मुंबई पुलिस ने काल करने वाले को दबोच लिया है।
बताया गया कि काल करने वाले युवक की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इस पर उत्तराखण्ड पुलिस ने राहत की सांस ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़ा गया युवक मुंबई के शोलापुर का रहने वाला है जिस पर मुंबई पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।