देहरादून। पेट्रोल और डीजल के मूल्य में हो रही लगातार बढ़ोत्तरी के खिलाफ आज कांग्रेस राजधानी देहरादून की सड़कों पर उतर आई। यहां राजधानी में आज गुरूवार को बिना अनुमति घंटाघर एवं गांधी पार्क में काफी संख्या में एकत्र होकर महंगाई और पेट्रो पदार्थों की कीमत बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन करने के आरोप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित 15 के खिलाफ नामजद एवं अन्य 150 से अधिक लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम और अन्य विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ता काफी संख्या में यहां राजधानी के घंटाघर एवं गांधी पार्क में एकत्रित हुए और महंगाई और पेट्रो पदार्थों की कीमत बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन किया। विदित हो कि प्रदेश में वैश्विक महामारी कोरोना के चलते राज्य सरकार ने सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ लगाना पूरी तरह से प्रतिबंधित किया हुआ है।
यह भी जानें- कोरोना के आज मिले 49 मामले, अब तक 2691
शहर कोतवाली से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, गरिमा दसौनी सहित कई पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी का यह राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन है। इसके तहत प्रदेश में कांग्रेस प्रत्येक जिले में प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएगी। कहा कि राजधानी में मानव श्रृंखला बनाकर विरोध जताया जा रहा है।
दूसरी ओर यहां कांग्रेस भवन में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के खिलाफ आगरा में नोटिस जारी होने पर कड़ा ऐतराज जताया। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि स्वयं की विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ मुकदमें दर्ज कराए जा रहे हैं जिसका पार्टी पुरजोर विरोध करेगी।