देहरादून। मसूरी-हाथीपांव मार्ग पर नाग मंदिर के समीप आज रविवार को सुबह एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मसूरी सिविल अस्पताल ले जाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह यह पांचों युवक मसूरी से देहरादून आ रहे थे। इस दौरान उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत बचाव कार्य कर घायलों को खाई से निकाला गया। इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस और फायर सर्विस के माध्यम से मसूरी सिविल अस्पताल ले जाया गया।
घायलों की पहचान यशस्वी पुत्र विलास ठाकुर निवासी डालनवाला, अक्षत पुत्र मनीपाल नेगी निवासी राजीव नगर डालनवाला, कार्तिक पुत्र विनय निवासी सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, सार्थक पुत्र गीतांबर सिंह निवासी छह नंबर पुलिया, वंश पुत्र राज सिंह निवासी सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के रूप में हुई है।