रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर एक स्कार्पियो कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, एक घायल हो गया, जबकि वाहन चालक अभी लापता है। बताया जा रहा है कि स्कार्पियो कार अचानक अनियंत्रित होकर मंदाकिनी नदी में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुद्धवार सुबह रुद्रप्रयाग से नारी-खतेणा गांव के लिए निकली एक स्कार्पियो गाड़ी गौरीकुंड मार्ग पर जिला मुख्यालय से कुछ दूरी पर लगभग 300 मीटर आगे दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में जा गिरी। वाहन में चार लोग सवार थे। हादसा होते ही मौके पर दो लोगों की मौत हो गई। वाहन और चालक का कोई पता नहीं लग पाया है।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर जाकर रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन तब तक मीनाक्षी सजवाण और अलका असवाल की मौत हो गई थी। वहीं, अर्जुन सिंह घायल था। चालक राकेश सिंह अभी भी लापता है।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना के करीब दो घंटे बाद जाकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि समय रहते राहत बचाव कार्य किया जाता तो जानमाल का नुकसान कम हो सकता था।