पौड़ी। बॉलीवुड स्टार सलमान खान की हत्या की साजिश रचने के आरोपी राहुल उर्फ सांगा को पुलिस ने पौड़ी से गिरफ्तार कर लिया। फरीदाबाद (हरियाणा) पुलिस ने आरोपी को पौड़ी तहसील के पातल गांव से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी यहां अपने दोस्त के साथ आया था। मामले में स्थानीय पुलिस व राजस्व विभाग को इस गिरफ्तारी की भनक तक नहीं लगी। अब राजस्व विभाग इस मामले में जानकारी जुटाए जाने की बात कह रहा है। उधर, मंगलवार को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद फरीदाबाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया।
बता दें कि राहुल उर्फ सांगा शातिर किस्म का बदमाश है। राजस्थान में हिरण मारने के मामले को लेकर रंजिशन लॉरेंस बिश्नोई व संपत नेहरा के कहने पर उसने जनवरी 2020 में मुंबई जाकर सलमान खान की रेकी की थी। इस रेकी का इनपुट उसने राजस्थान की जेल में बंद अपने आका लॉरेंस बिश्नोई को दिया था। उसने राहुल से मुंबई में सलमान खान की जनवरी 2020 में रेकी कराई। उसके मुंबई से लौट कर आते ही लॉकडाउन लग गया। इस वजह वह वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।
राहुल अपने किसी दोस्त के साथ पौड़ी जिले के पातल गांव आया था। उसके दोस्त को भी नहीं पता था राहुल हरियाणा का वांछित अपराधी है। एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने बताया कि सलमान खान की हत्या की साजिश के आरोपी की गिरफ्तारी 15 अगस्त को पातल गांव से हुई है, जो राजस्व क्षेत्र में है। इसकी स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई। वहीं एसडीएम सदर श्याम सिंह राणा ने कहा कि मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। गांव में जिस व्यक्ति के यहां राहुल रह रहा था उससे जानकारी ली जाएगी।
फरीदाबाद में चार दिन की पुलिस रिमांड के दौरान उसने खुलासा किया कि उसने ही एसजीएम नगर में 24 जून को राशन डीलर प्रवीन की हत्या की थी। शक था कि 2018 में प्रवीन ने पुलिस से मुखबिरी कर उसे अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करवा दिया था। उस समय सांगा ईएसआईसी में संविदा पर नौकरी करता था। तभी से वह प्रवीन से रंजिश रखने लगा था। इसी कारण अपने साथी रोहित, आशीष, भरत और मनीष के साथ मिलकर 24 जून को प्रवीन की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी थी।
उसके चारों साथियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। 2018 में ही राहुल ने राजू बसौदिया के कहने पर झज्जर के बधानी गांव में विकास देशवाल की हत्या की थी। इस वारदात के बाद मुकेश उर्फ मिक्कू ने इसकी बात संपत नेहरा से कराई। इसके बाद वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग में शामिल हो गया। 2019 में राजू बसोदिया व लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर राहुल ने मलोट पंजाब में मनप्रीत उर्फ मन्ना की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
30 दिसंबर 2019 में राहुल उर्फ सांगा ने सफदजंग अस्पताल में पुलिस की आंख में मिर्च पाउडर झोंक कर कुख्यात गैंगस्टर नरेश शेट्टी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर ले गया था। इसी साल एक फरवरी को नरेश शेट्टी ने कपिल व अपने अन्य साथी के साथ फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर कैदी वाहन पर फायरिंग कर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया था। बाद में फरीदाबाद पुलिस ने नरेश सेट्टी व उसके साथियों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया था, मगर संदीप उर्फ काला जठेड़ी भाग जाने में सफल रहा था।